बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के शिकारपुर-अनूपशहर मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंगा स्नान कर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे एक दंपति को सामने से आ रही महिन्द्रा पिकअप गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जतन पुत्र राजकुमार अपनी पत्नी कुसुम के साथ अनूपशहर से गंगा स्नान करने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल शिकारपुर-अनूपशहर रोड पर पहुंची तभी शिकारपुर की तरफ से आ रही सवारियों से भरी एक महिन्द्रा पिकअप गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। टक्कर लगने के कारण कुसुम पत्नी जतन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि जतन गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यज्ञदत्त शर्मा, एसएसआई रूद्र प्रताप सिंह, कस्बा इंचार्ज दिलीप सिंह, पवन कुमार, तुरन्त मौके पर पहुंचे और घायल पति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गंगा स्नान कर लौट रहे दंपति को पिकअप ने मारी टक्कर, पत्नी की मौत व पति गम्भीर रूप से घायल
RELATED ARTICLES



