बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर नगर के मोहल्ला मुफ्तीवाड़ा स्थित दौज वाली पोखर के सुंदरीकरण कार्य के दौरान मिट्टी से शिवलिंग की आकृति से मिलता-जुलता एक पत्थर मिलने पर क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और शिवलिंग की आकृति से मिलता-जुलता पत्थर देख माहौल भक्तिमय हो गया।
बताया गया कि रविवार को पोखर के पास खेल रहे बच्चों ने मिट्टी में उभरे एक हिस्से को पहले कछुआ समझा। पास जाकर छूने पर वह पत्थर जैसा महसूस हुआ। इसके बाद आसपास की मिट्टी हटाई गई तो शिवलिंग की आकृति से मेल खाता एक पत्थर दिखाई दिया। सूचना मिलने पर वार्ड सभासद कपिल कुमार आर्य स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और कथित शिवलिंग के चारों ओर ईंट और सीमेंट का घेरा बनवाया, ताकि लोग व्यवस्थित तरीके से उसका अवलोकन कर सकें और स्थल सुरक्षित रहे। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम रविंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पत्थर की वास्तविक प्रकृति और ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि के लिए पुरातत्व विभाग से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह वास्तव में प्राचीन शिवलिंग है या प्राकृतिक रूप से बनी पत्थर की आकृति।
शिकारपुर में पोखर के सुंदरीकरण के दौरान शिवलिंग जैसी आकृति वाला पत्थर मिला, जांच के लिए पुरातत्व विभाग को भेजा जाएगा मामला
RELATED ARTICLES


