बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ा जांच अभियान चलाया। गुरुवार को ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ मोबाइल लैब के जरिए शहर की कई दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी गई।
जानकारी के अनुसार, मेरठ से विकास कुमार व सनी कुमार की अगुवाई मे पहुंची टीम ने जहांगीराबाद चुंगी, अनुपम मैरिज होम, 12 खंभा समेत कई स्थानों पर दुकानों से खाद्य तेल, मसाले, मिठाइयों और मीठी चटनी के नमूने लेकर मौके पर ही जांच की। जांच के दौरान खाद्य तेल और मसालों में इस्तेमाल किए जा रहे रंगों के साथ-साथ मिठाइयों में डाले जाने वाले रंग और चांदी के वर्क की गुणवत्ता भी परखी गई। शहर की एक चर्चित हलवाई की दुकान पर भी मिठाई और चटनी की जांच की गई। मोबाइल लैब के पहुंचते ही कई दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। कुछ मिठाई विक्रेता दुकानें बंद कर मौके से चले गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से लोगों को गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मिलावट के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
शिकारपुर में मिलावटखोरों पर शिकंजा, मोबाइल लैब से खाद्य पदार्थों की जांच
RELATED ARTICLES


