बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना शिकारपुर तहसील क्षेत्र के मानपुर गांव में एक सैनिक से सोलर प्लेट लगवाने के नाम पर 3 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित सैनिक रघुराज सिंह ने आरोपी वेंडर और उसके साथ बताए जा रहे दलाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी सैनिक रघुराज सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह के मुताबिक, उन्होंने अपने घर पर 5 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगवाने के लिए वेंडर को चेक के जरिए 3 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि रकम लेने के बाद उनके घर पर घटिया सामान लगाया गया और अलग-अलग तरह की सोलर प्लेटें लगा दी गईं।
पीड़ित का आरोप है कि अब वेंडर की ओर से तीन और सोलर प्लेट लगाने के लिए 68 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही है। जब सैनिक ने इस पर सवाल उठाया तो कथित तौर पर वेंडर ने जवाब देने से बचते हुए कहा कि उसने कोई रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है और सोलर प्लेट लगवाने का सबूत भी मांगा। सैनिक का कहना है कि छुट्टी कम होने के कारण वह मामले को लेकर लगातार अधिकारियों के चक्कर नहीं लगा पा रहे हैं। पीड़ित ने एसडीएम शिकारपुर व मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और संबंधित लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।
थाना प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि मामला उपभोक्ता फोरम से संबंधित है। हालांकि, दोनों पक्षों को सुनने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार लीज़ पर लेने हेतु संपर्क करें: 7906175311, नई गाड़ी 50% कीमत पर ले जाएं



