Thursday, April 30, 2026
HomeFeaturedBULANDSHAHR CITY NEWS || बुलंदशहर शहर खबरबुलंदशहर और सहारनपुर की छह दूध इकाइयों का लाइसेंस निलंबित

बुलंदशहर और सहारनपुर की छह दूध इकाइयों का लाइसेंस निलंबित


बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): लखनऊ में सहारनपुर और बुलंदशहर में दूध उत्पाद इकाइयों में कमियां पाए जाने पर छह इकाइयों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। तीन केंद्रीय इकाइयों के किए खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण नई दिल्ली को पत्र भेजा गया है। सहारनपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और सहायक अधिकारी को मुख्यालय लखनऊ से सम्बद्ध किया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त डॉ रोशन जैकब को सहारनपुर और बुलंदशहर से कई शिकायतें मिली थीं। इस पर मंगलवार को दोनों जिले में प्रदेश स्तरीय 49 विशेष प्रवर्तन टीमें भेजी गईं।
टीमों ने दोनों जनपदों के समस्त प्रमुख दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद के निर्माण से सम्बन्धित प्रतिष्ठान एवं दुग्ध अवशीतन केन्द्रो का आकस्मिक निरीक्षण किया, जिसमें से 47 प्रतिष्ठान संचालित पाये गये।
इस विशेष अभियान में निर्माण इकाईयों के लाइसेंस की स्थिति, साफ-सफाई की व्यवस्था, अभिलेखों का रख-रखाव, अपमिश्रकों की उपस्थिति, पाञ्चराइजेशन प्रक्रिया, शीत नियन्त्रित वातानुकूलित संग्रहण तथा विगत 01 माह का दुग्ध क्रय का रिकार्ड एवं उसके पैरामीटर्स का विशेष निरीक्षण कराया गया।
जनपद बुलन्दशहर में की गयी कार्यवाही में 35 इकाईयों से कुल 112 नमूने और सहारनपुर में 12 इकाईयों से 21 नमूने लिए गए। बुलन्दशहर में 503.5 मीट्रिक टन दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5.75 करोड़ तथा सहारनपुर में 25 किग्रा क्षमता के 782 बैग स्किम्ड मिल्क पाउडर जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 94 लाख जब्त किया गया। निरीक्षण के दौरान इकाईयों के हाइजीन की स्थिति गुणवत्तापरक न होने, दुग्ध क्रय के रिकार्ड के न होने तथा पुराने खाद्य पदार्थों को करेन्ट डेट से रीपैक किये जाने तथा अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न किये जाने आदि के क्रम में 06 राज्य स्तरीय इकाईयों के लाइसेंस के निलम्बन की कार्यवाही की गई।
तीन केन्द्र स्तरीय इकाईयों के लाइसेंस के निलम्बन की संस्तुति क्षेत्रीय निदेशक, खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली को की जा रही है। 20 राज्य स्तरीय इकाईयों को सुधार सूचना जारी की गयी है।
कदाचार की शिकायतों के मद्देनजर सहारनपुर के सहायक आयुक्त (खाद्य) मनोज कुमार वर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनन्जय शुक्ला को मुख्यालय से सम्बद्ध तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमनपाल को निलम्बित कर दिया गया है।



RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments