बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के दानपुर क्षेत्र में इन दिनों नीलगायों के बढ़ते आतंक ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। नीलगायों के झुंड लगातार खेतों में घुसकर धान समेत अन्य फसलों को रौंदने और खाकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल तैयार होने के समय हो रहे नुकसान से किसान परेशान हैं और उन्हें अपनी मेहनत पर पानी फिरने की चिंता सता रही है।
आपको बता दें कि दानपुर क्षेत्र के किसान ओमप्रकाश, सुनील कुमार, संजय कुमार, प्रमोद कुमार, मनोज कुमार और मूर्ति सिंह ने बताया कि इलाके में नीलगायों की संख्या लगातार बढ़ रही है। करीब 20 से 25 नीलगायों के झुंड एक साथ खेतों में पहुंच जाते हैं। इसके बाद नीलगायें फसल को रौंदने के साथ ही उसे खा जाती हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि वे दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार करते हैं, लेकिन नीलगायों के झुंड कुछ ही समय में खेत में काफी नुकसान कर देते हैं। किसान कई बार नीलगायों को खेतों से भगाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद वे दोबारा खेतों में पहुंच जाती हैं। इससे किसानों के सामने फसल बचाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
पशु चिकित्सा अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि नीलगाय सामान्यत: झुंड में रहती हैं। करीब 20 से 25 नीलगाय एक साथ खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
वहीं, वन रेंजर मोहित चौधरी ने बताया कि किसानों की शिकायत प्राप्त हुई है। नीलगायों को पकड़कर दूसरी जगह भेजने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। अनुमति और आवश्यक जानकारी मिलते ही नीलगायों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
नीलगायों का आतंक, खेतों में घुसकर फसलों को कर रहीं बर्बाद
RELATED ARTICLES


