बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना चोला की पुलिस से मंगलवार की रात पशु चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से तीन बकरियां, एक कार समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। अभियुक्तों की पहचान मनीष उर्फ मन्नी पुत्र राजकुमार निवासी भलस्वा सदाकंज कालोनी थाना भलस्वा डेरी दिल्ली व सुजल पुत्र पवन निवासी 629 ए ब्लॉक मंगोलपुरी थाना राजपाठ नई दिल्ली के रूप में हुई है। आपको बता दें कि थाना चोला की पुलिस मंगलवार की देर रात गांव ख्वासपुर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक गाड़ी गांव बंचावली की ओर से आती दिखाई दी जिसे पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा किया गया तो वह नहीं रुकी तथा बदमाश गाड़ी को तेजी से मोडकर गांव बंचावली की ओर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा उनका पीछा किया गया तो कुछ दूरी पर गांव सुल्तानपुर जाने वाले रास्ते के पास बदमाशों की गाड़ी अनियंत्रित होकर एक अधबने कमरे से जाकर टकरा गई। इस दौरान पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश व उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा, दो खोखा कारतूस, एक गाड़ी व तीन बकरियां बरामद हुई है। आरोपी मनीष उर्फ मन्नी पर दिल्ली व बुलंदशहर समेत छह मुकदमे पंजीकृत हैं। वहीं आरोपी सुजल पर जनपद बुलंदशहर में पांच मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।