बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के खुर्जा नगर पालिका से जुड़ा संपत्ति अभिलेखों में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि संपत्ति लिपिक संजय शर्मा के स्तर पर वसूली और बकाया धनराशि के अंकन में गड़बड़ी की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए गए हैं। जांच में फॉर्म-5 की रसीदों और संपत्ति रजिस्टर में भी अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है। आरोप है कि वर्ष 2024-25 में एक संपत्ति पर 13,500 रुपये बकाया दर्शाया गया था, जबकि अगले वित्तीय वर्ष 2025-26 में यही राशि घटाकर 4,500 रुपये दर्ज कर दी गई। इसके अलावा, अपूर्ण प्रपत्रों के बावजूद संपत्तियों के नाम परिवर्तन किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इससे नगर पालिका को वित्तीय नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कर निर्धारण अधिकारी को जांच कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। कमेटी को सात दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
खुर्जा नगर पालिका में संपत्ति अभिलेखों पर उठे सवाल, 5 सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
RELATED ARTICLES


