बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद पुलिस व स्वाट टीम ने शनिवार को रवित की हत्या में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के निशान देही से पुलिस को घटना में इस्तेमाल आलाकत्ल चुन्नी बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि भाटी पुत्र जतन सिंह निवासी ग्राम शेरपुर थाना सिकन्द्राबाद जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है। 13 मई 2026 को थाना सिकन्द्राबाद क्षेत्रान्तर्गत ग्राम शेरपुर-अंधैल के शमशान की भूमि पर एक व्यक्ति रवित पुत्र रमेश निवासी ग्राम ढौलडी थाना तितावी जनपद मुजफ्फरनगर का शव मिला था, जो सिकन्द्राबाद में बिजली की ठेकेदारी का काम करता था। इस संबंध में मृतक के भाई मोहित कुमार की तहरीर के आधार पर थाना सिकन्द्राबाद पर मुअस – 440/26 धारा 103 (1) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया था।
आपको बता दें कि गिरफ्तार आरोपी रवि भाटी ने पूछताछ पर बताया कि मृतक रवित व उसका भतीजा अनुज उसके पड़ोस के मकान में ही रहते थे, उसने अपनी पत्नी को अनुज से कई बार बात करते हुए देख लिया था तथा 26 जनवरी 2026 को रवि भाटी ने अपनी पत्नी को रात में अनुज के कमरे से निकलते हुए देखा था। जिससे उसे शक हो गया कि उसकी पत्नी के अनुज के साथ संबंध है जिससे पति-पत्नी के मध्य विवाद हो गया था । विवाद के बाद आरोपी रवि भाटी अपनी पत्नी को उसके मायके छोड आया था जब आरोपी रवि भाटी ने अपनी पत्नी से कई बार वापस आने के लिए कहा, लेकिन उसकी पत्नी मायके से वापस नही आ रही थी जिससे उसे शक हुआ कि मृतक रवित और अनुज उसकी पत्नी से बात करते है तथा उसे वापस नही आने दे रहे है। 12 मई 2026 की रात को मृतक रवित फोन पर बात करते हुए बम्बे पर टहल रहा था तो आरोपी रवि भाटी व उसका पुत्र निखिल उसे बातो में लगाकर अपने साथ शमशान की तरफ ले गये और वही पर आरोपी रवि भाटी द्वारा रवित का चुन्नी से मुंह दबा दिया तथा उसके पुत्र निखिल ने सिर पर डण्डे से वार कर रवित की हत्या कर दी तथा वहां से फरार हो गये। फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु प्रयास किये जा रहे है। स्वाट टीम व थाना सिकन्द्राबाद पुलिस द्वारा तिलबेगमपुर बम्बे की पटरी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
रवित हत्याकांड: हत्या में संलिप्त एक आरोपी गिरफ्तार, निशानदेही से एक चुन्नी बरामद
RELATED ARTICLES



