बुलंदशहर, डेस्क (जययात्रा): खुर्जा विधायक मिनाक्षी सिंह ने शनिवार को खुर्जा-शिकारपुर मार्ग का नागरिकों की उपस्थिति में शिलान्यास किया। 13.650 कि.मी. लम्बे खुर्जा-शिकारपुर मार्ग पर सूबे की सरकार करीब 22.10 करोड़ रुपए खर्च कर रही हैं। इस मार्ग के निर्माण से 45 गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे और आवागमन सुगम होगा।
आपको बता दें कि खुर्जा से शिकारपुर की ओर जाने वाला लिंक मार्ग जिले के प्रमुख रास्तों में से है। यह दो विधानसभा, तीन तहसील, तीन ब्लॉक क्षेत्र के करीब 70 गांवों को जोड़ता है। साथ ही एनएच-34 से शिकारपुर की ओर जाने के लिए सीधा मार्ग है, जिस पर पूरे दिन बस, ऑटो, ट्रक, ट्रैक्टर ट्रॉली व अन्य वाहनों से लोग सफर करते हैं।
मार्ग की सड़क करीब वर्ष 2013 तत्कालीन विधायक बंसी सिंह पहाड़िया के कार्यकाल के दौरान मार्ग पर दस फुट चौड़ी सड़क का निर्माण हुआ था। सड़क की चौड़ाई कम होने और अन्य कारणों से सड़क दो साल में ही टूट कर बिखर गई थी। तब से ही सड़क बदहाल पड़ी थी, जहां हर दस से 15 मीटर की दूरी पर गड्ढे हो रहे हैं। इस मार्ग के निर्माण के लिए कई बार स्थानीय प्रधानों और भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने धरना प्रदर्शन भी किया। साथ ही सांसद डॉ. महेश शर्मा, पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह और वर्तमान विधायक मीनाक्षी सिंह की ओर से लगातार शासन को पत्र भेजकर मांग भी की गई। जनप्रतिनिधियों और समाज सेवियों के अथक प्रयासों के बाद दिसंबर 2024 को बजट की स्वीकृति मिल गई। इसमें लोक निर्माण विभाग को 22 करोड़ रुपये की लागत से बनाने की जिम्मेदारी दी गई।