बुलंदशहर जययात्रा: जनपद बुलंदशहर के थाना गुलावठी क्षेत्र के मेरठ-बुलंदशहर हाईवे-334 पर मंगलवार देर रात गांव छपरावत के निकट ट्रक ने बारात से लौट रही घोड़ा-बग्गी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घोड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बग्गी में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब एक बजे हुआ। गुलावठी के मुहल्ला फजरूल्ला निवासी नईम और दिनेश शांति दीप मैरिज होम से बारात समारोह में शामिल होकर घोड़ा-बग्गी से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे छपरावत गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक ने बग्गी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बग्गी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घोड़ी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बराल चौकी इंचार्ज अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने वाला ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बारात से लौट रही घोड़ा-बग्गी को मारी टक्कर, घोड़ी की मौत, दो युवक घायल
RELATED ARTICLES



