बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में पोषाहार वितरण में लापरवाही बरतने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पोषाहार का वितरण समय से न करने के मामले में 168 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित कार्यकर्ता एक सप्ताह के भीतर पोषाहार वितरण का कार्य पूरा करें और अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं किया जाता या फिर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो उनके खिलाफ सेवा समाप्ति सहित नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी ने बताया कि विभाग की ओर से लाभार्थियों को पोषाहार उपलब्ध न कराने पर अब तक 110 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस पूर्व में जारी किए जा चुके हैं। अब 168 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ऑनलाइन पोषाहार वितरण की प्रगति 10 प्रतिशत से भी कम रही है। यह स्थिति तब है जब शासन की ओर से बार-बार शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि सरकार द्वारा बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए भेजे जाने वाले पोषाहार का समय पर वितरण सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पोषाहार वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सख्ती जारी रहेगी।
पोषाहार वितरण में लापरवाही पर सख्ती, 168 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस
RELATED ARTICLES



