बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में गंगा स्नान के दौरान दो सगे भाई डूब गए जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक युवक को ग्रामीणों ने सकुशल बचा लिया, जबकि दूसरा अब भी लापता है। मौके पर पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी हुई है।
आपको बता दें कि बुलंदशहर के कुछेजा निवासी 25 वर्षीय ललित और रवि अपने अन्य साथियों के साथ गंगा में नहाने के लिए थाना नरसेना क्षेत्र के गांव गजरौला पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक रवि गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को बचाने के लिए ललित ने तुरंत गंगा में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी तेज बहाव में फंस गया। घटना को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह ग्रामीणों ने ललित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रवि तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
सूचना मिलते ही थाना नरसेना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा गोताखोरों को बुलाकर रवि की तलाश शुरू कर दी गई है। देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
गंगा स्नान के दौरान दो सगे भाई डूबे, एक की बची जान व दूसरा लापता
RELATED ARTICLES



