बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में NH-34 पर गांव चंदेरू के पास कुछ युवकों ने एक ओला चालक को बीच सड़क कार से बाहर खींचकर बेरहमी से पीट दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने चालक की कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर दो कारों के बीच टक्कर होने के बाद विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दबंगों ने ओला चालक को घेर लिया। वायरल वीडियो में कुछ लोग चालक को कार से बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच कार टकराने को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुलंदशहर: एनएच-34 पर दबंगों ने ओला चालक को कार से खींचकर पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
RELATED ARTICLES



