बुलंदशहर, डस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का खून से लथपथ शव एक प्लॉट में पड़ा मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कमल निवासी नगला शेखू के रूप में हुई है। अज्ञात हमलावरों ने युवक के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को महेश वाटिका क्षेत्र स्थित एक प्लॉट में फेंक दिया गया। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ईंट से वार कर युवक की निर्मम हत्या, प्लॉट में मिला लहूलुहान शव
RELATED ARTICLES


