बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पक्काबाग में मकान का छज्जा गिरने से हुई 10 वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने मकान मालिक संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि छज्जा काफी समय से जर्जर था मोहल्लेवासियों ने छज्जे को ठीक करने के लिए कई बार कहा था, लेकिन आरोपियों ने लापरवाही बरती और छज्जा ठीक नहीं कराया जिसके कारण यह हादसा हुआ।
आपको बता दें कि मोहल्ला पक्का बाग के रहने वाले रंजीत ने बताया कि उनकी 10 वर्षीय पुत्री ईशा घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोसी संजय के मकान का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। छज्जे के गिरने से 10 वर्षीय ईशा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे आनन-फानन में अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए ग्रेटर नोएडा के सूर्या अस्पताल में रेफर कर दिया। सूर्या अस्पताल में बच्ची ने दम तोड़ दिया। बच्ची ईशा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों का छज्जा काफी समय से जर्जर अवस्था में था। उनसे कई बार छज्जा ठीक करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने लापरवाही बरतें हुए छज्जा ठीक नहीं करवाया जिसके कारण छज्जा अचानक गिर पड़ा और उनकी मासूम बच्ची की मौत हो गई। कोतवाली निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले में मकान मालिक संजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिकंदराबाद: छज्जा गिरने से 10 वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में मकान मालिक संजय पर मुकदमा
RELATED ARTICLES


