Wednesday, August 19, 2026
HomeFeaturedANUPSHAHR NEWS || अनूपशहर खबरबुलंदशहर: राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति को राखी बांधेंगी अनूपशहर की 13 वर्षीय...

बुलंदशहर: राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति को राखी बांधेंगी अनूपशहर की 13 वर्षीय तमन्ना


बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र के गांव फतेहपुर की 13 वर्षीय तमन्ना के लिए इस बार का रक्षाबंधन जिंदगी का सबसे यादगार पल बनने जा रहा है। तमन्ना को रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधने के लिए चुना गया है। इस खबर के सामने आते ही स्कूल से लेकर पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। तमन्ना बसरखा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कक्षा 8 की छात्रा हैं। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से उनके चयन की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय परिवार और ग्रामीणों में उत्साह है। वहीं तमन्ना ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राखी बांधना मेरे और मेरे परिवार के लिए सबसे बड़े सम्मान की बात है। यह मेरे जीवन का सबसे यादगार पल होगा।”
आपको बता दें कि तमन्ना का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। बचपन में ही उनकी मां का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी दादी ने तमन्ना और उनकी छोटी बहन डॉली की परवरिश की। डॉली वर्तमान में कक्षा 6 में पढ़ाई कर रही हैं। तमन्ना के पिता दिनेश कुमार मीणा हापुड़ जिले में मिठाई की दुकान पर मजदूरी करते हैं। सीमित संसाधनों और पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद तमन्ना ने पढ़ाई के प्रति मेहनत और लगन जारी रखी। उनकी मेहनत का नतीजा अब एक ऐसे सम्मान के रूप में सामने आया है जिसे वह और उनका परिवार जिंदगी भर याद रखेंगे। राष्ट्रपति भवन में देश की राष्ट्रपति को राखी बांधने का अवसर मिलने से तमन्ना के परिवार के साथ-साथ बुलंदशहर और अनूपशहर क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। वहीं विद्यालय की वार्डन मुनेश कुमारी ने इसे स्कूल के लिए ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया। तमन्ना 27 अगस्त को दिल्ली के लिए रवाना होंगी, जहां रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने और उन्हें राखी बांधने का अवसर मिलेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments