बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के गुलावठी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सड़क हादसे में शिक्षक समेत उनकी पत्नी और बेटी घायल हो गए। हादसा बराल के पास हाईवे पर हुआ जहां बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तीनों घायलों को गुलावठी के अस्पताल मे भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक, गुलावठी क्षेत्र के गांव मिट्ठेपुर निवासी शिक्षक कंछिद अपनी पत्नी हसीना और बेटी मुस्कान के साथ बुलंदशहर से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बराल के पास अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसा देखकर राहगीरों ने तुरंत मदद की और घायलों को गुलावठी के अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को प्राथमिक उपचार दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पवन मावी के मुताबिक, प्राथमिक उपचार के बाद शिक्षक कंछिद, उनकी पत्नी और बेटी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद गुलावठी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायलों का हाल जाना। कोतवाल धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि हादसा बुलंदशहर रोड पर हुआ है। फिलहाल मामले में कोई तहरीर पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है।
बुलंदशहर: हाईवे पर बाइक डिवाइडर से टकराई, शिक्षक समेत पत्नी-बेटी घायल
RELATED ARTICLES


