बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के खुर्जा नगर में बुधवार दोपहर एलआईसी ऑफिस के बाहर एक ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि ट्रांसफार्मर में बड़ा छेद हो गया और उसमें भरा तेल सड़क पर बहने लगा। ट्रांसफार्मर से तेल बहता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह रही कि कुछ लोग अपनी जान की परवाह किए बिना बोतल, डिब्बे और बाल्टियां लेकर तेल भरने में जुट गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग सड़क पर बह रहे ट्रांसफार्मर के तेल को बर्तनों में भरते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई और ट्रांसफार्मर की मरम्मत का काम शुरू कराया गया।
पावर कॉर्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता हर्षित माथुर के मुताबिक, ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण वह जल गया था। ज्यादा गर्मी और दबाव के चलते ट्रांसफार्मर में बड़ा छेद हुआ और तेल बाहर निकलने लगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मरम्मत का कार्य जारी है।
खुर्जा: तेज धमाके के साथ फटा ट्रांसफार्मर, सड़क पर बहा तेल तो लूटने दौड़े लोग
RELATED ARTICLES


