बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के खुर्जा में बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार के निर्देश पर खुर्जा विकास क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 15 बीघा से अधिक भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण की टीम ने सबसे पहले खुर्जा-जेवर रोड पर आर.आर. इंजी. वर्क के सामने कार्रवाई की। यहां राजीव, पुनीत और जोगिंदर द्वारा करीब 4-5 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके बाद जंक्शन रोड, खुर्जा पर अशोक कुमार व अन्य लोगों द्वारा करीब 8 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी स्थान पर सुधीर चौधरी द्वारा करीब 2 बीघा भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग को भी प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान इब्राहिमपुर जुनेदपुर (उर्फ मौजपुर) मार्ग, जंक्शन रोड से इब्राहिमपुर जुनेदपुर जाने वाले रास्ते पर भी कार्रवाई हुई। यहां पारस छौंकर द्वारा करीब 2 बीघा क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।
बीकेडीए की ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य कर्मचारियों की निगरानी में अभियान को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। बीकेडीए की उपाध्यक्ष डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने लोगों से अपील की है कि वे बिना नक्शा स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का विकास या निर्माण कार्य न करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने और बेचने से लोग बचें।
15 बीघा से ज्यादा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
RELATED ARTICLES


