बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): बुलंदशहर में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पंकज अग्रवाल की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने व्यापारी सुरक्षा फोरम के प्रदेश महामंत्री अनिल देशभक्त और उनके बेटे सुरेश देशभक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पंकज अग्रवाल का आरोप है कि करीब छह माह पहले वह अपने बेटे के साथ दिल्ली के टैंक रोड करोलबाग गए थे। वहां कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी में टक्कर मारकर हाथापाई और अभद्रता की थी। घटना की रिपोर्ट दिल्ली में दर्ज कराई गई थी और पुलिस को वीडियो भी उपलब्ध कराया गया था। आरोप है कि इसके बाद अनिल देशभक्त और उनके पुत्र सुरेश देशभक्त ने छह माह पुराना वीडियो बिना अनुमति सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में घटना हाल की होने का भ्रम फैल गया और पंकज अग्रवाल को लगातार फोन आने लगे।
पंकज अग्रवाल के मुताबिक, 16 सितंबर की दोपहर सुरेश देशभक्त उनके मैक्स फैशन शोरूम के सामने पहुंचे और वीडियो वायरल करने की बात कही। आरोप है कि सुरेश ने अपने पिता अनिल देशभक्त के खिलाफ न्यायालय में दायर वाद वापस लेने का दबाव बनाया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पंकज अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा का खतरा है। उनकी तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने अनिल देशभक्त और सुरेश देशभक्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
व्यापारी सुरक्षा फोरम के प्रदेश महामंत्री व बेटे पर मुकदमा, धमकी देने का आरोप
RELATED ARTICLES


