बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना पहासू क्षेत्र के अचलपुर गांव में बुधवार सुबह पथवारी मंदिर की मूर्ति खंडित होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीओ शिकारपुर और थाना पहासू प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना के कारणों की जांच की। शुरुआती जांच में सामने आया कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद चढ़ाया गया था। प्रसाद के लालच में बड़ी संख्या में बंदर मंदिर परिसर में पहुंच गए और वहां उछल-कूद करने लगे। इसी दौरान मूर्ति नीचे गिरकर खंडित हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि बुधवार शाम तक मंदिर में नई मूर्ति सम्मानपूर्वक स्थापित करा दी जाएगी।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर मूर्ति बंदरों की उछल-कूद के दौरान खंडित होने की बात सामने आई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस की तत्परता और प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हो गया। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य और पूरी तरह शांत है।
बंदरों की उछल-कूद से खंडित हुई पथवारी मंदिर की मूर्ति, मौके पर पहुंची पुलिस
RELATED ARTICLES


