बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में लच्छमपुर मोड़ के पास देर रात खल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो घुस गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि समय रहते एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर पंचर हो गया था। चालक जैक लगाकर टायर ठीक कर रहा था, तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रॉली में जा घुसी। हादसे के बाद स्कॉर्पियो से ईंधन भी लीक होने लगा।स्कॉर्पियो में सवार सभी छह लोग अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में परिचित को देखकर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे में संभल जिले के थाना तुमरिया घाट गांव निवासी रविंद्र, रूप किशोर पुत्र महेश, नेमपालपुत्र कल्याण, रामदास पुत्र मनहोर सिंह, लीलाधर पुत्र वीरेंद्र और अजीजपुर निवासी महिपाल पुत्र विद्याराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना अनूपशहर कोतवाली प्रभारी जय किशोर गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, दो घायलों का बुलंदशहर व चार का सहसवान के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुलंदशहर: ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी अनियंत्रित स्कॉर्पियो, छह लोग गंभीर घायल
RELATED ARTICLES


