Friday, October 16, 2026
HomeFeaturedBI.BI.NAGAR NEWS || बी.बी.नगर खबरबुलंदशहर: नकली क्रीम बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 600 किलो संदिग्ध माल...

बुलंदशहर: नकली क्रीम बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 600 किलो संदिग्ध माल नष्ट


बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना बीबीनगर क्षेत्र के कुचेसर किला में एक किराए के मकान में चल रही नकली क्रीम बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने करीब 600 किलोग्राम तैयार संदिग्ध माल बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि कुचेसर किला गांव में एक मकान के अंदर बड़े पैमाने पर नकली डेयरी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय के निर्देशन में टीम ने गुरुवार दोपहर मौके पर पहुंच कर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां संदिग्ध डेयरी उत्पाद तैयार करने का मामला सामने आया।कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी राहुल कुमार पुत्र रोहतास निवासी गांव उदयपुर थाना बाबूगढ़ जनपद हापुड़ के यहां से बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की। इसमें सोयाबीन रिफाइंड के 14 टीन, अन्य सामग्री के 35 टीन, 30 किलोग्राम दही और 30 किलोग्राम फ्रेश क्रीम शामिल है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्वास्थ्य के मद्देनजर करीब 600 किलोग्राम तैयार संदिग्ध माल को जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया। वहीं, लगभग एक लाख 24 हजार रुपये कीमत की अन्य सामग्री को सीज कर दिया गया है।
इसके अलावा, विभाग की टीम ने क्रीम, सोयाबीन रिफाइंड और दही समेत कुल चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध रूप से खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments