बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह के नेतृत्व में किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन के सामने समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने गन्ने का मूल्य बढ़ाने, बकाया भुगतान जल्द कराने, आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने और फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की मांग की। इसके साथ ही कथित वोट चोरी के मामलों और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो 26 अक्टूबर को बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की ओर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर सीओ सिटी प्रखर पांडेय और एडीएम प्रशासन नीतीश कुमार भी पहुंचे। किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन को सौंपा। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
बुलंदशहर में किसानों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, 26 अक्टूबर को दिल्ली कूच का ऐलान
RELATED ARTICLES


