बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर में दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को हुई कार्रवाई के दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए गए। वहीं, हजरतपुर की एक नमकीन फैक्ट्री में करीब 100 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त और खराब आलू के चिप्स मिलने पर टीम ने उन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा बुगरासी बाजार में 28 किलोग्राम वेजिटेबल फैट सीज किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हजरतपुर स्थित डायमंड फूड इंडस्ट्री का औचक निरीक्षण किया। यहां नमकीन और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल के नमूने लिए गए। जांच के दौरान खराब हालत में रखे करीब 100 किलोग्राम आलू के चिप्स मिले, जिन्हें नष्ट करा दिया गया।
अनूपशहर तहसील में आराध्य ट्रेडर्स से मां अंजनी ब्रांड देसी घी और तपन ब्रांड कुकिंग मीडियम के नमूने लिए गए। स्याना तहसील के बुगरासी बाजार स्थित लक्ष्मी डेरी निर्माण इकाई में भी कार्रवाई की गई। यहां आनंद ही आनंद ब्रांड के वेजिटेबल फैट का नमूना लेने के साथ 35 पैक्ड डिब्बों में रखे कुल 28 किलोग्राम उत्पाद को सीज कर दिया गया। इसकी कीमत करीब 5,250 रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सभी पांच नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
सभी तरह की कॉपी, रजिस्टर व छात्रों के लिए स्कूल डायरी खरीदने के लिए संपर्क करें कनिष्क एंटरप्राइजेज: 9927072050



