बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी लापरवाही का खुलासा किया है। निरीक्षण के दौरान अहार रोड स्थित जेपी हॉस्पिटल में डॉक्टर मौजूद नहीं मिले, जबकि अस्पताल में मरीज भर्ती पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर नोटिस जारी कर दिया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव सक्सेना के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जहांगीराबाद में चार से अधिक अस्पतालों और क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंजीकृत जेपी हॉस्पिटल में डॉक्टर की अनुपस्थिति सामने आई। पूछताछ में संबंधित चिकित्सक के छुट्टी पर होने की जानकारी दी गई। वहीं, अस्पताल में बिना विशेषज्ञ के मरीजों को भर्ती किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। साथ ही अस्पताल के तीन संचालकों को नोटिस जारी करते हुए जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा टीम ने आकाश क्लीनिक, मानवी डायग्नोस्टिक और गौरी आर्थो क्लीनिक का भी निरीक्षण किया। यहां मौजूद कर्मचारियों से क्लीनिक संचालन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए। दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर संचालकों को सात दिन का समय दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित क्लीनिकों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि निर्धारित समय में संबंधित क्लीनिक संचालक जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत कर पाते हैं या नहीं।
जहांगीराबाद: स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, बिना डॉक्टर मरीजों का इलाज; जेपी हॉस्पिटल सील
RELATED ARTICLES


