बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना पहासू क्षेत्र के गांव बनैल में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। घर पर पशुओं को पानी पिला रहे 60 वर्षीय किसान ओमपाल सिंह की नल में करंट उतरने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, बनैल गांव निवासी ओमपाल सिंह पुत्र बाबू सिंह मंगलवार शाम अपने घर पर पशुओं को पानी पिला रहे थे। इसी दौरान नल में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय वह घर पर अकेले थे, जिसके चलते परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की तत्काल जानकारी नहीं हो सकी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें देखने पहुंचे। वहां ओमपाल सिंह नल से चिपके हुए और अचेत अवस्था में मिले। परिजन आनन-फानन में उन्हें पहासू स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
सभी तरह की कॉपी, रजिस्टर व छात्रों के लिए स्कूल डायरी खरीदने के लिए संपर्क करें कनिष्क एंटरप्राइजेज: 9927072050



