बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर तहसील क्षेत्र में अज्ञात बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अज्ञात बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बेरमई बुजुर्ग निवासी अरुण पुत्र श्यामबाबू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 नवंबर 2026 को उनके भाई राजीव और सुमित दिल्ली से मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। दोनों जब शिकारपुर क्षेत्र के गांव खुदादिया में कान्ता स्कूल के पास पहुंचे, तभी डिबाई की ओर से आ रही एक अज्ञात बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजीव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भाई सुमित घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भिजवाया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अज्ञात बस और उसके चालक की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सभी तरह की कॉपी, रजिस्टर व छात्रों के लिए स्कूल डायरी खरीदने के लिए संपर्क करें कनिष्क एंटरप्राइजेज: 9927072050



