बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के स्याना नगर के बाजार स्थित झंगीरी मंडी में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक विशाल पीपल के पेड़ में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटों ने आसपास से गुजर रही विद्युत लाइन को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की तपिश से बिजली के तार टूटकर नीचे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई और नगर की आधी आबादी देर रात से अंधेरे में डूब गई। पेड़ में लगी आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, बिजली के तार टूटकर गिरने से लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस भीषण आग की चपेट में आने से कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग के कारण विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। देर रात तक नगर की आधी आबादी अंधेरे में रही। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
कोतवाली प्रभारी रामनाथ सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। विद्युत तार टूटकर गिरने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।
हापुड़ में गेटेड टाउनशिप प्लॉट मात्र 16 हजार में शुरू : 9899722241



