बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के बुलंदशहर में शादी के करीब 50 साल बाद एक बुजुर्ग दंपती के रिश्ते में ऐसी दरार आई कि पत्नी ने पति से तलाक की मांग कर दी। पत्नी की उम्र करीब 70 वर्ष और पति की उम्र करीब 75 वर्ष बताई जा रही है। मामला मिडियेशन सेंटर तक पहुंचा, जहां प्रभारी अलका चौधरी की पहल से दोनों के बीच बनी दूरियां कम करने की कोशिश की गई और आखिरकार रिश्ता टूटने से बच गया।
आपको बता दें कि बुजुर्ग दंपती के बेटे दोनों को अलग-अलग रखते थे। इस वजह से पति-पत्नी की मुलाकात कम होती गई और आपसी बातचीत भी पहले जैसी नहीं रही। समय के साथ दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं। छोटी-छोटी बातों और गलतफहमियों को लेकर विवाद होने लगे और मामला तलाक की मांग तक पहुंच गया। मामला मिडियेशन सेंटर पहुंचने पर प्रभारी अलका चौधरी ने बुजुर्ग दंपती से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। काउंसलिंग के दौरान दोनों के बीच संवाद कराया गया और रिश्ते को बचाने के लिए आपसी सहमति से कुछ शर्तें तय की गईं। समझौते के मुताबिक, पति हर महीने पत्नी को 5 हजार रुपये देंगे। इसके अलावा दोनों के बीच संवाद बना रहे, इसके लिए पति को महीने में कम से कम 10 बार पत्नी से फोन पर बातचीत करनी होगी। समझौते के बाद पति ने पत्नी को 15 दिनों के 2700 रुपये भी सौंपे।
कार लीज़ पर लेने हेतु संपर्क करें: 7906175311, नई गाड़ी 50% कीमत पर ले जाएं



