बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के गांव दुगरऊ के पास सोमवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। ईंटों से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर का टायर फटने से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पेट्रोल पंप पर खड़े डंपर से टकरा गया। इसी दौरान ट्रॉली का पहिया बाइक सवार दोनों भाइयों के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी 28 वर्षीय गुलवेज व 24 वर्षीय सावेज पुत्र गुलफाम के रूप में हुई है। दोनों भाई अनूपशहर में अपने रिश्तेदार के घर नवजात बच्चे को देखने आए थे। बच्चे के जन्म की खुशियों में शामिल होने के बाद जब दोनों भाई बाइक से वापस दिल्ली लौट रहे थे, तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। घटना से परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सीओ अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी जय किशोर गौतम और एसडीएम मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर के नीचे फंसे हिस्से को निकलवाया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के करीब दो घंटे बाद मोबाइल फोन और वाहन संबंधी जानकारी के आधार पर मृतकों की पहचान हो सकी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर अनूपशहर के एक ईंट भट्ठे से ईंटें लादकर नोएडा की ओर जा रहा था। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अनूपशहर: बुलंदशहर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर की ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से दो सगे भाइयों की मौत
RELATED ARTICLES


