बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर में गंगा स्नान के बाद युवती से छेड़छाड़ का विरोध करना उसके परिवार और ग्रामीणों को भारी पड़ गया। आरोप है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवकों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में ग्राम प्रधान समेत चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार दोपहर करीब दो बजे की है। थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी सुनील अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ गंगा स्नान करने अनूपशहर पहुंचे थे। स्नान के बाद उनकी बेटी अपनी दादी के साथ बाजार में सामान खरीद रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्रता शुरू कर दी। युवती ने इसकी जानकारी अपने चाचा को दी। चाचा ने जब युवकों की हरकत का विरोध किया तो आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार और ग्रामीणों पर हमला कर दिया। मारपीट में ग्राम प्रधान समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं, घटना से जुड़ा मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी जय किशोर गौतम के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अनूपशहर : गंगा स्नान के बाद युवती से छेड़छाड़, विरोध करने पर परिवार और ग्रामीणों पर हमला, ग्राम प्रधान समेत चार घायल
RELATED ARTICLES


