बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): बुलंदशहर में सड़क चौड़ीकरण के कार्य के चलते शहर के कई इलाकों में आठ दिन तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। 28 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी। विद्युत विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दी है।
दरअसल, तहसील सदर से डीएवी फ्लाईओवर तक सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इसके चलते 11 केवी बिजली लाइनों और बिजली के खंभों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। यह कार्य 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र बल्लीपुर के अंतर्गत आने वाले 11 केवी अंबा पोषक और बहलीमपुर पोषक क्षेत्रों में किया जाएगा। इसके चलते अंबा कॉलोनी, मान सरोवर, बहलीमपुरा समेत संबंधित इलाकों में रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली कटौती को देखते हुए पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले से कर लें। साथ ही कार्य के दौरान विभाग का सहयोग करें।
बुलंदशहर: 8 दिन तक रोज 4 घंटे बिजली कटौती, 28 नवंबर से 5 दिसंबर तक रहेगा शटडाउन
RELATED ARTICLES


