बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): बुलंदशहर में अपनी 20 सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची आशा कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर अपनी आवाज बुलंद की और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
आशा कर्मचारी यूनियन की संरक्षक तरुणा सिंह और अध्यक्ष रंजना ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं पर लगातार काम का बोझ बढ़ाया जा रहा है, लेकिन इसके अनुरूप उन्हें मानदेय और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने और न्यूनतम 42 हजार रुपये मासिक वेतन देने की मांग उठाई। वहीं, महासचिव निशा वर्मा और सचिव बबली ने ईपीएफ, ग्रेच्युटी और आभा आईडी बनाने के कार्य का उचित मानदेय देने की मांग की। इसके अलावा मोबाइल इंटरनेट रिचार्ज का खर्च देने, अस्पतालों में आशा कार्यकर्ताओं के साथ होने वाले दुर्व्यवहार पर रोक लगाने और अस्पतालों में उनके लिए आरामकक्ष की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को 20 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और जल्द वार्ता कर समस्याओं का समाधान कराने की अपील की। आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


