बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के दानपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शांति गार्डन के पास करीब 2 बजे पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में 18 वर्षीय कपिल की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कपिल पुत्र राजकुमार गांव मोहम्मदपुर खुर्द के रहने वाले थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर दौलतपुर खुर्द चौकी प्रभारी विक्रम इंदेश सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।


