बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर नगर के देवीपुरा क्षेत्र में सड़क किनारे महीनों से खुला पड़ा नाला राहगीरों के लिए हादसे का सबब बना हुआ है। नाले के आसपास न तो रेलिंग लगाई गई है और न ही किसी तरह की चेतावनी के संकेत लगाए गए हैं। ऐसे में यहां से गुजरने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों और दुपहिया वाहन चालकों को लगातार खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण सड़क किनारे खुला नाला दिखाई नहीं देता। कई बार राहगीर और बाइक सवार इसमें गिरते-गिरते बचे हैं। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। नाले में पानी भर जाने के कारण सड़क और नाले के बीच का अंतर स्पष्ट नहीं हो पाता, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुले नाले को लेकर कई बार नगर पालिका और संबंधित विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने मांग की है कि नाले को जल्द से जल्द ढका जाए और तब तक इसके आसपास सुरक्षा के लिए रेलिंग व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
बुलंदशहर: देवीपुरा में खुला नाला बना हादसों का खतरा, शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार बेखबर
RELATED ARTICLES


