Thursday, August 27, 2026
HomeFeaturedBULANDSHAHR CITY NEWS || बुलंदशहर शहर खबरराजस्थान में 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में बुलंदशहर के...

राजस्थान में 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में बुलंदशहर के दो गिरफ्तार


बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी में 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में बुलंदशहर और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक युवती की हत्या उसके प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। आरोपियों की पहचान गजेंद्र उर्फ सोनू मीणा निवासी जीराजपुर थाना अहमदगढ़ व विवेक निवासी अजीजाबाद थाना पहासू के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि डिबाई क्षेत्र की रहने वाली युवती और गजेंद्र के बीच करीब छह महीने से प्रेम संबंध थे। करीब डेढ़ महीने पहले गजेंद्र की शादी किसी दूसरी युवती से हो गई थी। इसके बाद युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी दबाव से परेशान होकर गजेंद्र ने अपने दोस्त विवेक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि दोनों युवती को दर्शन कराने के बहाने बाइक से राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी ले गए। 17 अगस्त को मोरा मंदिर के रास्ते में सुनसान जगह पर युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को भारी पत्थरों से कुचल दिया गया और शव को झाड़ियों में फेंककर दोनों वहां से फरार हो गए।
राजस्थान के दौसा जिले में पुलिस को झाड़ियों से पीले सूट में युवती का शव बरामद हुआ था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें युवती दो युवकों के साथ जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने मृतका और संदिग्ध युवकों की तस्वीरें आसपास के राज्यों में भेजीं। बुलंदशहर पुलिस की मदद से मृतका की पहचान होने के बाद जांच आगे बढ़ी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहले दो शादियां भी हो चुकी थीं।आरोपी गजेंद्र खेती और प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी एक बहन उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है। राजस्थान पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments