बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अनूपशहर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महज करीब 200 मीटर पहले सामने से आ रही कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
आपको बता दें कि हादसा मंगलवार रात करीब 11 बजे का बताया जा रहा है। नेहरूगंज स्थित शंभू मंदिर वाली गली निवासी 50 वर्षीय राजीव अपने परिवार के साथ घर के एक सदस्य के लिए दवा लेने अनूपशहर के सरकारी अस्पताल की ओर जा रहे थे। जैसे ही बाइक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंची, सामने से आ रही एक कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में 50 वर्षीय राजीव पुत्र सूर्य प्रकाश, उनका पुत्र 22 वर्षीय बबलू, 48 वर्षीय बोबी पत्नी महिपाल और गुलशन पुत्र राजीव कुमार घायल हो गए। बोबी घायल राजीव के छोटे भाई की पत्नी बताई जा रही हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अनूपशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन चारों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी जय किशोर गौतम ने बताया कि सड़क दुर्घटना का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस द्वारा हादसे की जांच-पड़ताल की जा रही है।
दवा लेने जा रहे एक ही परिवार के चार लोग घायल, जिला अस्पताल रेफर
RELATED ARTICLES


