बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के गुलावठी में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार, 26 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे घर के बाहर खेल रहे 5 साल के मासूम पर बंदर ने हमला कर दिया। बंदर के हमले में बच्चे की गर्दन पर घाव हो गया। परिजन आनन-फानन में बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, गुलावठी के मोहल्ला पीर खां निवासी फहीम का 5 वर्षीय बेटा समीर घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बंदर ने उस पर झपट्टा मार दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बंदर को वहां से भगाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग की टीम पिछले तीन दिनों से इलाके में बंदरों को पकड़ने का अभियान चला रही है, लेकिन इसके बावजूद बंदरों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली है। लोगों ने अभियान में संसाधनों की कमी और वन विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। वहीं, सपा छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष अकरम कुरैशी ने घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वन विभाग की अपील पर लोगों ने अपना धरना-प्रदर्शन रोक दिया था, लेकिन विभाग बंदरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रहा है। लगातार हो रहे बंदरों के हमलों से स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों ने वन विभाग से जल्द अभियान में तेजी लाकर बंदरों को पकड़ने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
गुलावठी: बंदर ने पांच साल के मासूम की गर्दन पर किया वार, घायल
RELATED ARTICLES


