बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर में खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस और प्रशासन का भी कोई डर नहीं रह गया है। मामला गंगा पुल चौकी क्षेत्र का है, जहां चौकी के सामने से ही दिन-रात अवैध रेत की सप्लाई खुलेआम जारी है।
आपको बता दें कि शासन द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद गंगा नदी से धड़ल्ले से रेत निकाली जा रही है। खनन माफिया बुगियों और छोटे वाहनों के जरिए गांवों और कस्बों में घर-घर रेत की डिलीवरी कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल पुलिस चौकी के सामने से चल रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक केवल जांच की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात होते ही गंगा किनारे खनन का खेल तेज हो जाता है। रेत से भरी बुग्गियां लगातार सड़कों पर दौड़ती नजर आती हैं। वहीं थाना प्रभारी अनूपशहर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गंगा पुल चौकी के सामने धड़ल्ले से चल रहा अवैध रेत खनन
RELATED ARTICLES



