बुलंदशहर, डस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना औरंगाबाद क्षेत्र के गांव भावसी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप है कि विवाहिता को लंबे समय से दहेज और घरेलू विवाद को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के शरीर पर चोट के कई निशान मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया। सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। वहीं अब पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
RELATED ARTICLES



