बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर की पुलिस ने कमल की हत्या करने वाले आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही से आलाकत्ल ईट व पहनी गई शर्ट खूनालूदा बरामद हुई है। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि मृतक कमल से उसकी दोस्ती थी एवं दोनों साथ में काम करते थे। कुछ दिन पूर्व उसकी कमल से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी जिसमें मृतक कमल द्वारा उसके साथ गाली-गलौच की गई थी जिसका बदला लेने के लिए उसने पहले कमल को शराब पिलाई फिर मौका पाकर कमल के सिर में ईट मारकर उसकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया।
आपको बता दें कि सोमवार को थाना खुर्जा नगर क्षेत्र के अंतर्गत अशोक वाटिका में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था जिसके सिर में चोट के निशान पाए गए थे जिसकी पहचान कमल पुत्र रजुआ निवासी गांव नगला शेखू थाना खुर्जा देहात जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई थी। पुलिस द्वारा मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया एवं प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बुधवार को एक अभिसूचना के आधार पर घटना कारित करने वाले आरोपी अजीत को महेश वाटिका सिद्धेश्वर मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अजीत पुत्र गब्बर निवासी महेश वाटिका सिद्धेश्वर मंदिर के पास थाना खुर्जा नगर जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
कमल हत्याकांड: गाली-गलौच का बदला लेने के लिए आरोपी ने की दोस्त की हत्या
RELATED ARTICLES


