बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर में सरकारी यूरिया की कालाबाजारी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अनूपशहर पुलिस ने पीसीएफ (PCF) के जिला प्रबंधक दिव्यांशु वर्मा को झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले ही 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
आपको बता दें कि सरकारी किसानों के लिए भेजी गई यूरिया खाद की बड़े स्तर पर कालाबाजारी की जा रही थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1575 बोरी सरकारी यूरिया बरामद की थी। इसके बाद पूरे प्रकरण में हड़कंप मच गया था। पुलिस जांच में पीसीएफ विभाग के कई कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका सामने आने के बाद कार्रवाई तेज कर दी गई। अब जिला प्रबंधक दिव्यांशु वर्मा की गिरफ्तारी के बाद मामले में नए खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं पीसीएफ के भंडार नायक हरेंद्र सिंह और सहायक लेखाकार यश राघव अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
अनूपशहर थाना पुलिस के मुताबिक, सरकारी खाद की कालाबाजारी और गबन से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि आखिर किसानों के लिए आई यूरिया किन लोगों की मिलीभगत से बाजार में बेची जा रही थी। इस कार्रवाई के बाद जिले में खाद माफियाओं और भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी यूरिया घोटाले पर बड़ा एक्शन, PCF का जिला प्रबंधक झांसी से गिरफ्तार
RELATED ARTICLES



