Tuesday, September 1, 2026
HomeFeaturedBULANDSHAHR CITY NEWS || बुलंदशहर शहर खबरमुरादाबाद: बुलंदशहर में तैनात सिपाही द्वारा युवती से दुष्कर्म के मामले में...

मुरादाबाद: बुलंदशहर में तैनात सिपाही द्वारा युवती से दुष्कर्म के मामले में साथ देने का आरोप, मुकदमा दर्ज


बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद मुरादाबाद के थाना छजलैट क्षेत्र के एक गांव में युवती से दुष्कर्म के मामले ने अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता ने बुलंदशहर जिले में तैनात एक सिपाही और उसके रिश्ते के भाई के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि उसके साथ सिपाही के रिश्ते के भाई ने दुष्कर्म किया, जबकि सिपाही ने वारदात में सहयोग किया। हालांकि, पुलिस विवेचना में सिपाही की भूमिका के पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने की बात कही गई है और उसका नाम मामले से हटा दिया गया है।
आपको बता दें कि पीड़िता ने सोमवार को पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की विवेचना थाना छजलैट पुलिस से हटाकर किसी दूसरे थाने की पुलिस से कराने की मांग की है। युवती का कहना है कि उसे छजलैट पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। उसने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत करने और जांच को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया है।
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, जब वह 10वीं कक्षा में पढ़ती थी, तभी गांव निवासी जुनैद अंसारी से उसकी दोस्ती हुई थी। आरोप है कि जुनैद ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी के लिए दबाव बनाने पर उसने इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि जुनैद ने उसके फोटो और वीडियो भी बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा। शादी से इनकार करने के बाद युवती ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला आगे बढ़ने और आरोपियों को जेल जाने की आशंका के बीच परिवार की ओर से शादी कराने का भरोसा दिया गया। इसके बाद समझौता हुआ और युवती के बयान भी दर्ज किए गए। आरोप है कि पुलिस द्वारा मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाए जाने के बाद आरोपी फिर शादी के वादे से मुकर गए।
तमंचे के बल पर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 11 जुलाई की शाम करीब छह बजे वह अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान जुनैद अंसारी और उसका रिश्ते का भाई जीशान घर में घुस आए। युवती का आरोप है कि दोनों के हाथों में तमंचे थे और उन्होंने उसे शादी के लिए दबाव नहीं बनाने की धमकी दी। आरोप है कि जुनैद तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी देते हुए उसे कमरे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि जीशान ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और तमंचा लेकर बाहर खड़ा रहा।
बुलंदशहर में तैनात है आरोपी सिपाही
पीड़िता के आरोपों में नामजद जीशान पुलिस विभाग में सिपाही है और वर्तमान में बुलंदशहर जिले में तैनात बताया गया है। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी परिवार प्रभावशाली है और अपने रसूख का इस्तेमाल कर उस पर दबाव बनाने तथा कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा है।
वहीं थाना छजलैट प्रभारी के अनुसार, मामले में सिपाही जीशान और उसके रिश्ते के भाई जुनैद के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान सिपाही की घटना में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले। इसी आधार पर उसका नाम मामले से हटा दिया गया। पीड़िता पुलिस की इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। उसने निष्पक्ष जांच के लिए विवेचना किसी अन्य थाने की पुलिस को सौंपने की मांग की है। मामले को लेकर मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़िता की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments