बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा देहात में लॉ के छात्र अंकुर चौधरी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बगराई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कमल सिंह को निलंबित कर दिया। चौकी प्रभारी पर अंकुर चौधरी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
आपको बता दें कि मामला 20 अगस्त का है। आरोप है कि 8 से 10 हमलावरों ने लॉ के छात्र अंकुर चौधरी को घेरकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंटों से बेरहमी से पीटा था। हमलावरों ने अंकुर को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में अंकुर चौधरी को नोएडा के फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई दिनों तक उसका उपचार चला, लेकिन 29 अगस्त की रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान अंकुर ने दम तोड़ दिया। 30 अगस्त को भारी सुरक्षा के बीच परिजनों ने छात्र का अंतिम संस्कार किया। अंकुर चौधरी की मौत के बाद सोमवार को स्थानीय अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अधिवक्ता खुर्जा कोतवाली पहुंच गए और कोतवाली का घेराव कर दिया। अधिवक्ताओं ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बढ़ते विरोध और आक्रोश को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामले में तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिवक्ताओं के विरोध के बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही सामने आने पर थाना खुर्जा देहात क्षेत्र की बगराई चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक कमल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं अंकुर चौधरी पर हमले के मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दो आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस मुठभेड़ के बाद हुई थी। पुलिस अब अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अंकुर चौधरी हत्याकांड में पुलिस पर गिरी गाज: खुर्जा देहात चौकी प्रभारी कमल सिंह निलंबित
RELATED ARTICLES


