बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना रामघाट क्षेत्र में कैंटीन पर सामान मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद अगले दिन फिर बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मामला अलीगढ़-बुलंदशहर बॉर्डर के पास स्थित जरगवां गांव का है। गांव में विष्णु शर्मा की कैंटीन है। बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे कुछ लोग कैंटीन पर सामान लेने पहुंचे थे। सामान देने से मना करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई जिसके बाद विवाद और मारपीट हुई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद अगले दिन विष्णु शर्मा के पक्ष के लोगों की दूसरे पक्ष के लोगों से जरगवां स्थित मनजीत तिराहे पर दोबारा कहासुनी हुई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। मारपीट की सूचना मिलते ही रामघाट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष से 22 वर्षीय प्रशांत शर्मा पुत्र शिव शंकर शर्मा, 46 वर्षीय शिव शंकर शर्मा पुत्र प्रेमप्रकाश शर्मा निवासी गांव जरगवां व 34 वर्षीय अमित राजपूत पुत्र भोजराज सिंह गांव निवासी नगला कोठी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष से 25 वर्षीय सजन कुमार पुत्र विनोद कुमार, 22 वर्षीय रिषभ राज पुत्र गोपाल कृष्ण सहाय और 33 वर्षीय विजय कुमार पुत्र स्वर्गीय जयराम निवासी मौहल्ला घटलेश्वर गेट थाना चंदौसी जनपद सम्भल को गिरफ्तार किया गया है।
रामघाट पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम कोर्ट डिबाई में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई है।
रामघाट : कैंटीन पर सामान मांगने को लेकर विवाद, अगले दिन हुई मारपीट 6 गिरफ्तार
RELATED ARTICLES


