बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अहमदगढ़ क्षेत्र में कोचिंग पढ़ने जा रहे एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में गाली-गलौज का विरोध करने पर चार युवकों ने छात्र को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव असरोली निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे उनका पुत्र अभय कुमार पैदल कोचिंग जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही पुनीत, अरविंद, खुशाल और छवि ने छात्र को रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। छात्र द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोचिंग जा रहे छात्र के साथ मारपीट, चार युवकों पर रिपोर्ट दर्ज
RELATED ARTICLES


