बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के स्याना में बुलंदशहर स्टेट हाईवे स्थित ज्ञानस्थली एजुकेशन स्कूल में चोरी की वारदात सामने आई है। चिंगरावठी चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित स्कूल को चोरों ने निशाना बनाया। आरोपी स्कूल के ताले तोड़कर लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक, छह कारतूस और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्कूल के संचालक और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रामबाबू यादव के मुताबिक, चोर अलमारी में रखी बंदूक और कारतूस के अलावा दो बैटरी, एक इन्वर्टर, एक स्टेबलाइजर और दो एलईडी भी ले गए। आरोपी स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, मंगलवार सुबह स्कूल पहुंचने पर रामबाबू यादव को चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।स्कूल में लाइसेंसी बंदूक रखने और उसे रात में अलमारी में बंद रखने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी रामनारायण सिंह ने बताया कि स्कूल में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। चोरी किए गए सामान की बरामदगी और आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्याना: स्कूल में चोरी, लाइसेंसी बंदूक और कारतूस समेत लाखों का सामान ले गए चोर
RELATED ARTICLES


