बुलंदशहर, डेस्क (जय यात्रा): जनपद बुलंदशहर के थाना अमरगढ़ क्षेत्र में ककरई गांव में ट्यूबवेलों पर चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से किसानों में नाराजगी है। 6 अक्टूबर से अब तक चोर 8 ट्यूबवेलों को निशाना बना चुके हैं। चोर बिजली की केबल, स्टार्टर और खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण चोरी कर रहे हैं। बीती रात चोरों ने किसान योगेंद्र शर्मा के ट्यूबवेल से बिजली की केबल चोरी कर ली। वहीं, किसान प्रमोद शर्मा के ट्यूबवेल के कोठरे में दोबारा सेंधमारी की गई। शनिवार को दोनों किसानों ने अमरगढ़ पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
किसानों के मुताबिक, 9 अक्टूबर को निसार अब्बासी और सगीर अहमद के ट्यूबवेलों से केबल व स्टार्टर चोरी किए गए थे। इसके बाद 16 अक्टूबर को छत्रपाल शर्मा के ट्यूबवेल के कोठरे से खेती का सामान और स्प्रे मशीन चोरी हो गई थी।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सिंचाई के उपकरण चोरी होने से खेती-किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है। अमरगढ़ पुलिस चौकी इंचार्ज पंकज चौधरी ने बताया कि शिकायतों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और घटनास्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने मामले में जल्द प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ककरई गांव में चोरों का आतंक, 8 ट्यूबवेलों को बनाया निशाना
RELATED ARTICLES


